446 करोड़ की सौगात: जन्माष्टमी पर मथुरा-वृंदावन में 42 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे योगी
— 263.69 करोड़ की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास, 182.39 करोड़ की 23 परियोजनाएं होंगी लोकार्पित
— सड़क, पर्यटन, प्रकाश व्यवस्था और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा-वृंदावन को 446.09 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी द्वारा उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की कुल 42 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया जाएगा।
इनमें 263.69 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 182.39 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 23 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में गोवर्धन तहसील के ऊंचागांव स्थित सखीगिरी पर्वत क्षेत्र का ईको-रेस्टोरेशन, महावन प्रेमनगर के बौद्ध विहार परिसर में पर्यटक सुविधाओं का विकास, शेरगढ़ स्थित श्री दाऊजी मंदिर परिसर का संरक्षण एवं सुविधाएं, फरह के दीनदयाल धाम में पर्यटन अवस्थापना केंद्र का निर्माण, वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर फसाड लाइटिंग एवं सौंदर्यीकरण और गोवर्धन में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार शामिल हैं।
इसके अलावा विकास प्राधिकरण की ओर से छाता क्षेत्र में 30 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़क का निर्माण, छटीकरा-वृंदावन मार्ग व मथुरा कट से टैंक चौराहा मार्ग का सौंदर्यीकरण, लक्ष्मी नगर तिराहे से कृष्णापुरी तिराहे तक सड़क उच्चीकरण, बरसाना परिक्रमा मार्ग पर पार्किंग एवं सुविधाएं तथा श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र की गलियों का फसाड विकास भी किया जाएगा।
लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं में अकबरपुर जैत में टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, करहला में बज्रनाभ समाधि का पुनरुद्धार, वृंदावन के सुनरख में सौभरि ऋषि वाटर बॉडी का सौंदर्यीकरण, नौहझील स्थित झाड़ी वाले हनुमान मंदिर पर श्रद्धालु सुविधाएं और पानीगांव यमुना पुल पर फसाड लाइटिंग शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त मथुरा परिक्रमा मार्ग का नवीनीकरण, बहुभाषीय साइनेज, गीता शोध संस्थान व रासलीला अकादमी में गेस्ट हाउस, यमुना एक्सप्रेस-वे से पागल बाबा मंदिर-वृंदावन मार्ग पर नया प्रवेश द्वार तथा विभिन्न बॉर्डर प्वाइंट पर भव्य प्रवेश द्वार भी लोकार्पित किए जाएंगे।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की अन्य परियोजनाओं में केशीघाट पर फसाड लाइटिंग, वृंदावन कुंभ मेला मैदान में श्रद्धालुओं के लिए शेड, बरसाना में यात्री सुविधाएं तथा विश्व बैंक सहायतित परियोजनाओं के तहत सीएलटी सेंटर, फ्लावर मैनेजमेंट सेंटर और आर्टीशन विलेज का विकास शामिल है।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ एवं मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि इन परियोजनाओं से मथुरा-वृंदावन में धार्मिक पर्यटन, यात्री सुविधाएं, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था और स्थानीय हस्तशिल्प को नई गति मिलेगी।