मथुरा में प्रोवीजन स्टोर पर प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन की बोतलें और अवैध रूप से भांग की बिक्री पकड़ी

खाद्य सुरक्षा, औषधि व आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप

मथुरा। जनपद के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी कई जनरल स्टोरों पर प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन की बोतलों तथा भांग से बने अवैध उत्पादों की खुलेआम बिक्री की जा रही है। लंबे समय से चल रही इस गतिविधि के संबंध में शिकायत मिलने के बाद अब तक निष्क्रिय रहा खाद्य एवं औषधि विभाग हरकत में आया है और कार्रवाई शुरू की गई है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने सुरीर क्षेत्र के गांव बेरा में कार्रवाई करते हुए दवा और खाद्य पदार्थों के चार नमूने लिए तथा प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बोतलें बरामद कीं। मौके से करीब नौ किलो भांग भी मिली है। आबकारी विभाग ने भी इस मामले में अलग से कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत प्राप्त हुई थी कि गांव बेरा, सुरीर स्थित सुमित प्रोवीजन स्टोर पर मिलावटी खाद्य पदार्थों के साथ बिना लाइसेंस के दवाएं बेची जा रही हैं तथा प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन भी खुलेआम बेचे जा रहे हैं। शिकायत के आधार पर औषधि निरीक्षक प्रेम पाठक और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने पुलिस के साथ दुकान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान टीम को करीब तीन हजार रुपये मूल्य की विभिन्न प्रकार की दवाएं और ऑक्सीटोसिन की 14 बोतलें मिलीं। विभागीय टीम ने जांच के लिए दवा और खाद्य पदार्थों के चार नमूने भी एकत्र किए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दुकान पर मुनक्का युक्त भांग की गोलियां भी बेची जा रही थीं। इस सूचना पर जिला आबकारी अधिकारी उपेन्द्र सिंह को अवगत कराया गया, जिसके बाद आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने दुकान से करीब आठ से नौ किलो भांग बरामद की।
अचानक हुई इस कार्रवाई से गांव और आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। मामले में सुरीर थाने में तहरीर दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।