किसान के बेटे अंशुल बने सेना में लेफ्टिनेंट, मथुरा में हुआ भव्य स्वागत

मथुरा। किसान परिवार के बेटे के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने पर शहर में खुशी और गर्व का माहौल दिखाई दिया। सोमवार को मथुरा पहुंचने पर ईस्ट प्रताप नगर, महोली रोड निवासी नव-नियुक्त लेफ्टिनेंट अंशुल गौतम का कॉलोनी के लोगों ने ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान भारत माता की जय के नारों के साथ मिठाइयां भी बांटी गईं।
बताया गया कि अंशुल गौतम के पिता महेश गौतम पेशे से किसान हैं। पुत्र की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अंशुल की मां मिथलेश गौतम, जो आंगनबाड़ी कार्यकत्री हैं, अपने बेटे को देखकर भावुक नजर आईं। नए बस स्टैंड से उनके घर तक लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
अंशुल गौतम ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्रेस कॉन्वेंट स्कूल से दसवीं और कान्हा माखन स्कूल से बारहवीं की परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से बीटेक सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने प्रयागराज में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में दो वर्ष तक कार्य किया, साथ ही सेना में जाने के लिए लगातार प्रयास करते रहे। इस दौरान उनका चयन सेना और वायुसेना दोनों में हुआ, लेकिन उन्होंने देश सेवा के लिए भारतीय सेना को चुना और अब लेफ्टिनेंट पद पर नियुक्त हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि किसान परिवार से निकलकर सेना में अधिकारी बनना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है और इससे युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर उमेश गौतम, धीरेन्द्र भारद्वाज, गौरव वार्ष्णेय, सुभाषचंद्र अग्रवाल, महेश वार्ष्णेय, पार्षद कुलदीप पाठक, रजनी सिंह, कुंजबिहारी गौतम, राजकुमार तोमर, ओमप्रकाश गौतम, गिरीश गौतम, हरिओम चौधरी, अनिल चौधरी, राजकुमार उपाध्याय, दिनेश अग्रवाल, शिवकुमार तोमर, रामनरेश शर्मा, विक्की छौंकर, निरंजन अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, भोला राजपूत, राजेश गोयल, बिना शर्मा, सरिता शर्मा, मंजू तोमर, स्नेहलता, रश्मि कुलश्रेष्ठ, सुनीता गौतम, लता गौतम, मिथलेश तोमर और अंजना गोयल सहित अनेक लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।