मथुरा में यक्ष-एप के जरिए पुलिस ने किया 8,791 अपराधियों का भौतिक सत्यापन

मथुरा। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में मथुरा जिले के सभी थानों की पुलिस ने यक्ष-एप के माध्यम से चिह्नित अपराधियों और अभियुक्तों का मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया।
इस अभियान के तहत जनपद में अब तक कुल 8,791 अपराधियों का सत्यापन किया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शेष बचे अपराधियों का सत्यापन भी तेजी से कराया जा रहा है, ताकि उनकी वर्तमान स्थिति और गतिविधियों पर नजर रखी जा सके तथा जनपद में शांति व्यवस्था कायम रहे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार कोतवाली 949, जैंत 746, राया 595, शेरगढ़ 561, जमुनापार 537, गोविन्दनगर 521, मगोर्रा 474, छाता 451, कोसीकलां 415, बलदेव 403, हाईवे 402, बरसाना 391, गोवर्धन 348, मांट 336, रिफाइनरी 325, नौहझील 280, वृन्दावन 277, सदर बाजार 243, महावन 215, सुरीर 167 और फरह थाना क्षेत्र में 155 अपराधियों का सत्यापन किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान से अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलती है और किसी भी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सकता है।