कृष्णचन्द्र गांधी सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज में नए सत्र के प्रवेश शुरू, बालिकाओं को 50% शुल्क छूट

मथुरा। कृष्णचन्द्र गांधी सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज, माधवकुंज में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। इस संबंध में रविवार 1 मार्च को आयोजित पत्रकार वार्ता में विद्यालय प्रबंधन ने विस्तृत जानकारी दी।

वित्तीय सलाहकार एवं विद्यालय प्रबंधक समीर बंसल एडवोकेट तथा प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य खंडेलवाल ने बताया कि वर्ष 2004 में स्थापित यह विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। कक्षा 6, 7, 8, 9 एवं 11 में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा 15 मार्च रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम में होगी।

विद्यालय में कक्षा 6 से 8 तक बालिकाओं का प्रवेश भी किया जा रहा है। बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बालिकाओं को प्रवेश शुल्क में 50 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी। निर्धन लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को भी शुल्क में विशेष रियायत दी जाएगी।

विद्यालय में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निर्धारित एनसीईआरटी पाठ्यक्रम तथा नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त, अनुशासित एवं आधुनिक तकनीक से युक्त शिक्षा देना है।

विद्यालय में स्मार्ट कक्षाएँ, विज्ञान, गणित एवं कंप्यूटर की आधुनिक प्रयोगशालाएँ उपलब्ध हैं। कैरियर काउंसलिंग, खेल प्रशिक्षण तथा एनएसओ, आईईओ, एनसीओ और आईएमओ जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की व्यवस्था भी है। कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जाता है ताकि विद्यार्थी स्वावलंबी बन सकें।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद क्षेत्रों में राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। जेईई, नीट, यूपीटीयू, सीपीटी तथा रक्षा सेवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों का चयन हुआ है। घोष एवं मलखम्भ प्रतियोगिताओं में भी जिला एवं प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया है।

इस अवसर पर श्रद्धेय कृष्णचन्द्र गांधी की स्मृति में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें 30 विद्यालयों के 205 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता का परिणाम 6 मार्च को घोषित किया जाएगा।

प्रधानाचार्य विनय कुमार सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों में स्काउटिंग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई सक्रिय है तथा डिजिटल पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध है।

प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से सुधांशु खंडेलवाल उपप्रधानाचार्य राजीव पाठक मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा विनय कुमार, लोकेश अग्रवाल नरेंद्र कुमार दिव्या गुप्ता, विजयपाल सिंह और योगेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।