मथुरा। बरसाना की विश्वप्रसिद्ध होली देख कर लौट रहे तीन दोस्तों के लिए कल की शाम काल बन गई। कोसी नगर की मीना नगर कॉलोनी निवासी तीन दोस्त वापसी में मंदिर दर्शन के लिए रुके थे, जहां तालाब में नहाते समय दो युवक गहरे पानी में समा गए। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आधी रात को दोनों के शव बरामद किए गए। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार कोसी की मीना नगर कॉलोनी निवासी सक्षम, रवि और कार्तिक मंगलवार को बरसाना में होली खेलने गए थे। रात करीब 8 बजे लौटते समय वे रास्ते में आशेश्वर महादेव मंदिर पर दर्शन के लिए रुके। इसी दौरान सक्षम और रवि मंदिर के पास स्थित तालाब में नहाने के लिए उतर गए। पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों अचानक डूबने लगे।
अपने साथियों को आंखों के सामने डूबता देख तीसरा दोस्त कार्तिक घबरा गया। उसने तुरंत कोसी पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। शाम करीब साढ़े पांच बजे सूचना मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर बरसाना थाना प्रभारी अश्वनी कुमार पुलिस बल और अग्निशमन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाशी अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद देर रात करीब 12 बजे सक्षम और रवि के शव बाहर निकाले जा सके।
थाना प्रभारी बरसाना अश्वनी कुमार के अनुसार शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक जांच में मामला नहाते समय गहरे पानी में जाने से डूबने का लग रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।