होली पर रेलवे का मेगा प्लान: आगरा मंडल से चलेंगी करीब 50 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
मथुरा/आगरा।
होली पर्व को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है। देशभर में करीब 50 जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों का संचालन फरवरी से मार्च के प्रथम सप्ताह तक निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा, जिससे आगरा मंडल के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
ये होली स्पेशल ट्रेनें दिल्ली, हावड़ा, मुंबई, बड़ोदरा, गोरखपुर और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों के लिए चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का ठहराव आगरा कैंट, मथुरा, आगरा ईदगाह, फतेहपुर सीकरी, रूपवास, कोसी, आगरा फोर्ट और टुंडला जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर दिया जाएगा, जिससे यात्रियों को सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल की जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि होली के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। उन्होंने कहा होली के दौरान यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है, इसी को ध्यान में रखते हुए लगभग 50 होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ये ट्रेनें फरवरी से लेकर मार्च के प्रथम सप्ताह तक दिल्ली, हावड़ा, मुंबई, बड़ोदरा, गोरखपुर और प्रयागराज जैसे प्रमुख गंतव्यों के लिए चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का ठहराव आगरा मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशनों पर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।”
भीड़ नियंत्रण के लिए रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान
उन्होंने आगे बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए आगरा और मथुरा स्टेशनों पर विशेष “रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान” लागू किया गया है।
“कमर्शियल, ऑपरेटिंग और सुरक्षा विभाग के आपसी समन्वय से विस्तृत प्लान तैयार किया गया है। दोनों स्टेशनों पर सीनियर अधिकारियों की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है और कंट्रोल रूम स्थापित कर लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।”
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने स्टेशनों पर CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाई है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर शॉर्ट नोटिस पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की भी तैयारी रखी गई है।
रेलवे के इस मेगा प्लान से होली पर घर जाने वाले लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। आगरा मंडल के यात्रियों को देश के प्रमुख शहरों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षित यात्रा और भीड़ से निजात मिलेगी, जिससे होली का त्योहार अपनों के साथ मनाना और आसान हो सकेगा।