मानदेय वृद्धि से खुशी की लहर: मथुरा में 1,700 शिक्षा मित्र की होली से पहले मनी दीपावली

मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बजट सत्र के अंतिम दिन शिक्षा मित्रों के मानदेय में की गई ऐतिहासिक वृद्धि के निर्णय का जनपद के शिक्षा मित्रों ने जोरदार स्वागत किया है। रविवार, 22 फरवरी को उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षा मित्र राधानगर पार्क में एकत्रित हुए। यहाँ उन्होंने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा सरकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि 1 अप्रैल से शिक्षा मित्रों को 18,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। अब तक शिक्षा मित्रों को मात्र 10,000 रुपये मानदेय मिल रहा था। इस वृद्धि से शिक्षा मित्रों की आर्थिक स्थिति में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।
संघ के जिला अध्यक्ष खेमसिंह चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि संगठन पिछले कई वर्षों से मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर संघर्षरत था। सरकार का यह कदम शिक्षा मित्रों के धैर्य और मेहनत का सम्मान है। उन्होंने आगे बताया कि मानदेय वृद्धि के साथ-साथ सरकार ने स्थानांतरण की सुविधा भी प्रदान की है।
शिक्षा मित्रों के लिए 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। इस निर्णय से अकेले मथुरा जनपद के लगभग 1,700 शिक्षा मित्र सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।
सुमनलता शिक्षा मित्र ने कहा कि पहले 10 हजार रुपये में परिवार का पालन-पोषण करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। अब मानदेय बढ़ने से घर की जरूरतों को पूरा करने और बच्चों के भविष्य को संवारने में बड़ी राहत मिलेगी।
राधानगर पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी उत्साह देखा गया। इस दौरान हर्ष व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से जगराज गुर्जर, धीरज चौधरी, डालचंद सेन, हेमंत शर्मा, इंद्रराज, भरत लाल शर्मा, मंजू राजपूत, सुमनलता शर्मा, लता शर्मा, पूनम अग्रवाल, शशि शर्मा, योगेन्द्र सिंह और गुंजन शर्मा सहित दर्जनों शिक्षा मित्र उपस्थित रहे।