अमेरिका ने भारत पर लगा टैरिफ घटाया: PM मोदी और ट्रंप की बातचीत के बाद बड़ा फैसला, अब 25 की जगह 18% होगा शुल्क

 

नई दिल्ली। अमेरिका ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को घटा दिया है। भारतीय सामानों पर टैरिफ 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच आज फोन पर बातचीत हुई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के कारण और उनके अनुरोध पर तत्काल प्रभाव से हमने अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति व्यक्त की, जिसके तहत अमेरिका पारस्परिक शुल्क को 25% से घटाकर 18% कर देगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘भारत भी इसी प्रकार अमेरिका के विरुद्ध अपने शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री ने 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य कई उत्पादों के अलावा, अमेरिकी उत्पाद खरीदने के लिए भी प्रतिबद्धता जताई।’

उन्होंने कहा, ‘भारत के साथ हमारे शानदार संबंध भविष्य में और भी मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे व्यक्ति हैं जो काम को अंजाम देते हैं, जो कि अधिकांश लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।’