हैदराबाद हाउस में मोदी-वेवर की अहम वार्ता, रक्षा सहयोग को नई ऊंचाई देने की तैयारी

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हैदराबाद हाउस में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच भारत-बेल्जियम द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने को लेकर अहम वार्ता हुई। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी। बेल्जियम के प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद बार्ट डी वेवर की यह पहली भारत यात्रा है। उनके साथ उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। दोनों देशों के बीच बातचीत में रक्षा सहयोग के साथ व्यापार और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

भारत और बेल्जियम रक्षा क्षेत्र में सहयोग को नई ऊंचाई देने की तैयारी में हैं। बेल्जियम के प्रधानमंत्री के साथ रक्षा एवं विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रांकेन की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों की रक्षा कंपनियों के बीच करीब 10 प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इन समझौतों के तहत बेल्जियम की अत्याधुनिक रक्षा तकनीक का भारत में उत्पादन और असेंबली की जाएगी। सहयोग के दायरे में 70 मिमी रॉकेट और गोला-बारूद के साथ ड्रोन रडार सेंसर हथियार प्रणालियां तथा समुद्री सुरक्षा तकनीक शामिल हैं। भारत की एलएंडटी और बेल्जियम की एक्सेल के बीच माइन काउंटरमेजर वेसल के लिए स्वायत्त प्रणालियों के क्षेत्र में सहयोग किया जाएगा।

दोनों देशों के रक्षा उद्योग संगठनों बीएसडीआई और एसआईडीएम के बीच होने वाला समझौता मेक इन इंडिया के तहत संयुक्त रक्षा उत्पादन और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देगा। बेल्जियम के रक्षा मंत्री थियो फ्रांकेन पहले ही कह चुके हैं कि यूरोप और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा अब एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। ऐसे में भारत के साथ सैन्य तकनीकी और औद्योगिक सहयोग दोनों देशों की सुरक्षा तथा आर्थिक हितों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके अलावा बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते के संदर्भ में भारतीय उद्योग जगत के साथ भी संवाद करेंगे। वह गुरुवार को भारतीय उद्योग परिसंघ के एक बिजनेस कार्यक्रम में मुख्य भाषण देंगे। इस दौरान भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।