यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क सुरक्षा का संदेश, टोल प्लाजा से निकली जागरूकता रैली

मांट। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत शुक्रवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली जाबरा टोल प्लाजा से शुरू होकर राया इंटरचेंज तक गई और पुनः टोल प्लाजा पर आकर संपन्न हुई।
रैली का शुभारंभ सीओ ट्रैफिक आशीष शर्मा टोल प्लाजा के एजीएम भरत सिंह राठौर और एआरटीओ राजेश राजपूत ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान वाहन चालकों और यात्रियों को हेलमेट पहनने सीट बेल्ट लगाने निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
टोल प्लाजा के एजीएम भरत सिंह राठौर ने बताया कि इस रैली का उद्देश्य एक्सप्रेस-वे पर यात्रा करने वाले लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन ही सुरक्षित यात्रा की सबसे बड़ी गारंटी है। टोल मैनेजर देवेंद्र सिंह ने कहा कि रैली के माध्यम से लोगों को यह बताया गया कि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। सुरक्षित ड्राइविंग अपनाकर ही स्वयं और दूसरों की जान बचाई जा सकती है।
इस अवसर पर टोल चौकी प्रभारी भुवनेश दीक्षित सचिन वत्स सतीश कुमार चाहर सुनील यादव सहित टोल कर्मी एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।