भगवान श्रीकृष्ण के कर्म के उपदेश से ही संभव है सर्वांगीण विकास : सीपी सिंह
मथुरा। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में समारोहपूर्वक ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गीता में दिया गया कर्म का उपदेश आज भी विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। उसी को जीवन में अपनाकर राज्य, प्रदेश और देश का सर्वांगीण विकास संभव है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर भारत माता की जय के उद्घोष से गूंज उठा।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों में सक्रिय सहयोग करना चाहिए। कर्मयोग की भावना के साथ किए गए कार्य ही राष्ट्र निर्माण की दिशा में मजबूत कदम सिद्ध होते हैं। उन्होंने सभी जनपदवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है और इन्हीं कर्तव्यों के निर्वहन से देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद सांकेतिक रूप से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया।