मथुरा। बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव ने शुक्रवार को दीवानी न्यायालय परिसर को पूरी तरह चुनावी रणभूमि में बदल दिया। छुटपुट हंगामे, जोशीले नारे और भारी भीड़ के बीच अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। छह पदों के लिए मैदान में उतरे 35 प्रत्याशियों की किस्मत अब मतपेटियों में बंद हो चुकी है, जिसका फैसला शनिवार को मतगणना के बाद सामने आएगा।
सुबह 9 बजे बोहरे कन्हैयालाल सभागार में शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चला। दोपहर 3 बजे तक 3544 में से 2350 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुनावी तापमान चरम पर पहुंचा दिया। न्यायालय परिसर के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही, जिससे माहौल पूरी तरह जोशीला बना रहा।
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एसपी सिटी और सीओ सिटी भारी पुलिस बल के साथ खुद मोर्चे पर डटे रहे। पूरे न्यायालय परिसर को सुरक्षा घेरे में रखा गया, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो सके।
निर्वाचन अधिकारी प्रदीप शर्मा और उप निर्वाचन अधिकारी शिव कुमार लवानिया ने बताया कि केवल पहचान पत्र दिखाने पर ही अधिवक्ताओं को मतदान की अनुमति दी गई। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए 5, उपाध्यक्ष के लिए 3, सचिव के लिए 12, संयुक्त सचिव के लिए 9, कोषाध्यक्ष के लिए 4 और ऑडिटर पद के लिए 2 प्रत्याशी मैदान में हैं।
चुनाव के दौरान मांट विधायक राजेश चौधरी और पूर्व मंत्री सरदार सिंह ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे चुनावी सरगर्मी और बढ़ गई। अब पूरे जिले की निगाहें शनिवार सुबह होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब साफ होगा कि बार एसोसिएशन की बागडोर किसके हाथ लगेगी। बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में लोकतांत्रिक उत्साह अपने चरम पर दिखाई दिया। इसी क्रम में ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. कमल कांत उपमन्यु एडवोकेट तथा स्पेशल डीजीसी श्रीमती अलका उपमन्यु ने मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अधिवक्ताओं ने इसे बार एसोसिएशन की लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने वाला कदम बताया। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में हुए मतदान के बीच अधिवक्ताओं ने निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद जताई। बार एसोसिएशन के इस चुनाव को लेकर अधिवक्ता समुदाय में खासा उत्साह है और सभी की निगाहें अब मतगणना पर टिकी हुई हैं, जहां नई कार्यकारिणी के गठन का फैसला होगा।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.