मथुरा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को महानगर अध्यक्ष अजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त जग प्रवेश से मिला और महानगर के विभिन्न बाजारों में अतिक्रमण के नाम पर हो रहे कथित व्यापारी उत्पीड़न पर कड़ा ऐतराज जताया। व्यापारियों ने साफ कर दिया है कि उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा, संवाद से समाधान चाहिए तोड़फोड़ से नहीं।
व्यापार मंडल ने हाल ही में मंडी चौराहा, सौख रोड पर नगर निगम की अतिक्रमण टीम द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर तीखी नाराजगी जाहिर की। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाया गया और दुकानों की दीवारों तक को तोड़ दिया गया जिससे व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
महानगर अध्यक्ष अजय चतुर्वेदी ने नगर आयुक्त के समक्ष स्पष्ट कहा कि बिना पूर्व सूचना और संवाद के की जा रही इस तरह की कार्रवाई व्यापारियों के साथ अन्याय है। इस पर नगर आयुक्त से सहमति बनी कि भविष्य में नगर निगम की टीम पहले व्यापार मंडल के साथ सामंजस्य बनाकर बाजारों में अतिक्रमण चिन्हित करेगी और उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जिला महामंत्री अंशुल अग्रवाल ने भी नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल, कूड़ा निस्तारण और नगर मार्गों का रखरखाव नगर निगम की मूल जिम्मेदारी है जिसके लिए व्यापारी पहले ही हाउस टैक्स, वॉटर टैक्स और सीवर टैक्स अदा कर रहे हैं। इसके बावजूद कूड़ा निस्तारण के नाम पर यूजर टैक्स की वसूली को व्यापार मंडल ने सिरे से खारिज करते हुए जोरदार विरोध की चेतावनी दी।
बैठक में महानगर महामंत्री सचिन अरोरा, महानगर उपाध्यक्ष ताराचंद अग्रवाल, मीडिया प्रभारी अखिलेश मिश्रा ‘पिंटू’, युवा महानगर अध्यक्ष मानिक शर्मा, मंडी समिति अध्यक्ष करणवीर चौधरी, आशीष अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।