मथुरा समेत 75 जिलों में एक साथ 23 जन. को पूरे प्रदेश में बजेगा ब्लैक आउट सायरन

मथुरा। प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी अग्नि परीक्षा 23 जनवरी को होने जा रही है। मथुरा सहित उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में एक साथ ब्लैकआउट सायरन बजेगा और Lights Off – Alert On मॉक ड्रिल के जरिए आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों को जमीन पर परखा जाएगा।

इसको लेकर नागरिक सुरक्षा संगठन के प्रभारी अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) राजेश यादव ने कलेक्ट्रेट स्थित नागरिक सुरक्षा कार्यालय में बैठक कर वार्डन पदाधिकारियों को स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मॉक ड्रिल की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान नवागत सहायक उप नियंत्रक नीरज श्रीवास्तव का वार्डन पदाधिकारियों द्वारा स्वागत-सम्मान भी किया गया।

बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत करने पर जोर देते हुए वार्डन सेवा के रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नागरिक सुरक्षा संगठन के सीनियर स्टाफ ऑफिसर दीपक चतुर्वेदी बैंकर ने बताया कि हाल ही में प्रदेश स्तर पर प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार और पुलिस महानिदेशक नागरिक सुरक्षा ध्रुव कांत ठाकुर की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक हुई थी। इसमें साफ कहा गया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर होने वाली यह मॉक ड्रिल कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसुरक्षा की वास्तविक परीक्षा है।

उन्होंने कहा कि इस अभ्यास के दौरान लाइटें बंद होंगी। प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक साथ यह अभ्यास कर यह संदेश देना है कि उत्तर प्रदेश हर आपात चुनौती से निपटने में पूरी तरह सक्षम है।

प्रदेश स्तरीय बैठक में डीजी सिविल डिफेंस ध्रुव कांत ठाकुर ने दो टूक कहा कि मॉक ड्रिल कागजों में नहीं, बल्कि मैदानी स्तर पर दिखनी चाहिए। इसके लिए अग्निशमन, विद्युत, चिकित्सा, पुलिस प्रशासन, आपदा प्रबंधन सहित सभी विभागों को नागरिक सुरक्षा संगठन के साथ पूर्ण समन्वय में कार्य करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में मथुरा में भी प्रभारी उप नियंत्रक एवं अपर जिलाधिकारी राजेश यादव ने सभी विभागों को आपसी तालमेल से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही रिक्त पदों को तत्काल भरने और लापरवाह वार्डन स्वयंसेवकों को चेतावनी जारी करने के आदेश दिए गए।

राष्ट्रपति पदक से सम्मानित मुख्य वार्डन राजीव अग्रवाल बृजवासी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होगी। वहीं डिप्टी चीफ वार्डन कल्याण दास अग्रवाल ने संगठन को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया। बैठक में नागरिक सुरक्षा संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, वार्डन, आपदा मित्र और स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।