साइबर ठगों पर मथुरा पुलिस का महाप्रहार! जिलेभर में सबसे बड़ा डिजिटल एक्शन, 21 थानों में हाईटेक SI तैनात, ठगों में हड़कंप
मथुरा । साइबर अपराधियों के खिलाफ मथुरा पुलिस ने ऐसा धमाकेदार एक्शन शुरू किया है, जिससे ऑनलाइन ठगी करने वालों में खलबली मच गई है। जिले में अब तक का सबसे बड़ा साइबर ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिसका सीधा नेतृत्व एसएसपी श्लोक कुमार कर रहे हैं। इस अभियान का मकसद साफ है—ठगों की डिजिटल रीढ़ तोड़ना और पीड़ितों को तत्काल राहत दिलाना।
एसएसपी श्लोक कुमार ने खुलासा किया कि रोजाना दर्जनों फोन कॉल के जरिए साइबर ठग लोगों की जिंदगी भर की कमाई मिनटों में उड़ाते थे। अब इस खेल का अंत तय है। ऑनलाइन ठगी पर ब्रेक लगाने के लिए जिले के 21 थानों में बीटेक डिग्रीधारी, तकनीकी रूप से प्रशिक्षित उप निरीक्षकों की तैनाती की गई है। ये हाईटेक अफसर कॉल डिटेल एनालिसिस, डिजिटल ट्रैकिंग, बैंकिंग फ्रॉड और साइबर सर्विलांस में माहिर हैं।
ठगी की शिकायत मिलते ही अब ठगों के मोबाइल नंबर तत्काल बंद कराए जाएंगे,बैंकों से ठगी की रकम तुरंत होल्ड कराई जाएगी,
और डिजिटल सबूतों के दम पर ठगों तक सीधी पहुंच बनाई जाएगी। इससे पीड़ितों को अब थाने से ही फौरन राहत मिलेगी।
इसी अभियान के तहत मथुरा पुलिस ने गोवर्धन क्षेत्र के देवसेरस, मुड़सेरस, मड़ौरा और नगला अकातिया गांवों को एक साथ घेरकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की इस घेराबंदी से साइबर ठगों में अफरा-तफरी मच गई। लगातार बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए देवसेरस गांव में अस्थाई पुलिस चौकी भी खोल दी गई है, ताकि इलाके पर 24 घंटे नजर रखी जा सके।

एसएसपी श्लोक कुमार ने दो टूक कहा कि साइबर ठगी करने वालों के लिए मथुरा अब सुरक्षित पनाहगाह नहीं रहेगा। चाहे आरोपी कहीं भी छिपा हो, डिजिटल सुरागों के सहारे उसे ढूंढकर जेल भेजा जाएगा। यह अभियान आगे भी और तेज किया जाएगा। मथुरा पुलिस की इस ऐतिहासिक कार्रवाई से आम जनता में विश्वास बढ़ा है और साफ संदेश गया है—अब ठगी नहीं, सीधा एक्शन होगा!