मथुरा में महागणपति दशभुजी गणेश मंदिर पर सकट चतुर्थी महोत्सव श्रद्धा से मना

मथुरा। महानगर के चौबिया पाड़ा में विराजमान महागणपति दशभुजी गणेश का सकट चतुर्थी महोत्सव श्री दशभुजी गणेश सेवा समिति के तत्वावधान में मंगलवार, 6 जनवरी 2026 को श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ मनाया गया।

महोत्सव का आयोजन श्रीजी पीठाधीश्वर 108 श्री ठाकुरजी बाबा महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रीजी पीठाचार्य मनीष बाबा (कपिल बाबा) द्वारा मध्याह्न काल में महागणपति का पंचामृत महाभिषेक (दूध, दही, घी, शहद एवं बूरा) कराया गया। अभिषेक के उपरांत गणपति विग्रह का षोडशोपचार पूजन किया गया तथा तिल द्वारा सहस्रार्चन संपन्न हुआ।

पूजन के पश्चात भगवान गणेश का दिव्य श्रृंगार कर उन्हें पुष्प बंगला धारण कराया गया, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। रात्रि काल में श्रीजी पीठाचार्य मनीष बाबा द्वारा आरती एवं पुष्पांजलि अर्पित कर सकट चतुर्थी महोत्सव को विश्राम दिया गया।

इस अवसर पर मनीष चतुर्वेदी, कुलदीप चतुर्वेदी, दीपक, जमुना चतुर्वेदी, भैया चतुर्वेदी सहित अनेक श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।