विश्व प्रसिद्ध नगरी मथुरा का रेलवे जंक्शन अव्यवस्थाओं का शिकार

मथुरा। विश्व प्रसिद्ध तीर्थ नगरी मथुरा का रेलवे जंक्शन जो देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों का प्रमुख प्रवेश द्वार है। इन दिनों गंभीर अव्यवस्थाओं का शिकार बना हुआ है। स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर बंदर, कुत्ते और अन्य पशु खुलेआम घूमते हुए दिखाई दे जाते हैं जिससे यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थिति यह है कि प्लेटफॉर्म पर भोजन कर रहे यात्रियों पर बंदर झपट्टा मार लेते हैं, हाथ से खाना छीन लेते हैं और कई बार डराकर घायल भी कर देते हैं। वहीं आवारा कुत्तों के झुंड आपस में लड़ते हुए प्लेटफॉर्म और पटरियों तक पहुंच जाते हैं जिससे यात्रियों में भय का माहौल बना रहता है।
रेलवे जंक्शन जैसे संवेदनशील और व्यस्त स्थान पर इस तरह की लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकती है। बुज़ुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक परेशान नजर आ रहे हैं। कई यात्रियों का कहना है कि ट्रेन का इंतजार करना तक मुश्किल हो गया है क्योंकि हर समय जान-माल का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो रेलवे प्रशासन और न ही नगर निगम इस समस्या का स्थायी समाधान निकाल पा रहा है। पशुओं को पकड़ने और बाहर करने की कार्रवाई कभी-कभार होती है लेकिन कुछ ही समय में हालात फिर जस के तस हो जाते हैं।
तीर्थ नगरी मथुरा आने वाले श्रद्धालु जब इस तरह की अव्यवस्था देखते हैं, तो इसका सीधा असर शहर की छवि पर पड़ता है। सवाल यह है कि जब मथुरा जंक्शन जैसी महत्वपूर्ण जगह सुरक्षित नहीं है तो यात्रियों को भरोसा कैसे मिले?
यात्रियों और सामाजिक संगठनों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि स्टेशन परिसर को पशु-मुक्त करने के लिए स्थायी और सख्त व्यवस्था की जाए ताकि विश्व प्रसिद्ध नगरी का रेलवे जंक्शन अपनी गरिमा के अनुरूप दिखाई दे।