श्री बांके बिहारी जी मंदिर के दर्शन का समय नहीं बढ़ा रहे सेवायत, हाई पावर्ड कमेटी गंभीर

वृंदावन । ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर की व्यवस्थाओं को सुदृढ़, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से गठित हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की बैठक मंगलवार को लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन के सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) इलाहाबाद उच्च न्यायालय अशोक कुमार ने की। बैठक में मंदिर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की दशम बैठक के दौरान निधिवन क्षेत्र स्थित ललिता कुंड को वर्षा जल संरक्षण के रूप में उपयोग किए जाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र के जल संसाधनों को सुदृढ़ किया जा सके। इसके साथ ही मंदिर परिसर और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं के तकनीकी पक्षों के आकलन के लिए आईआईटी रुड़की से रिपोर्ट प्राप्त करने के विषय पर भी मंथन हुआ। नववर्ष के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए दर्शन, सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मंदिर क्षेत्र में ई-रिक्शा संचालन के संबंध में सहायक संभागीय अधिकारी (प्रशासन) द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। इसके अलावा ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर के सेवायतों द्वारा दर्शन के लिए पूर्व में जारी समय-सारणी का अनुपालन न किए जाने के विषय पर भी गंभीरता से विचार किया गया। सुयोग्य मीडिया संस्थानों के माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था किए जाने हेतु प्रस्तुत कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।
इसके साथ ही मंदिर परिसर के आसपास प्रभावित परिवारों की स्वामित्वाधीन अवसंरचनाओं को उनके स्वामियों की अनिच्छा के बावजूद विस्थापित किए जाने की स्थिति में, संबंधित संपत्ति स्वामियों को दिए जाने वाले विकल्पों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में यह भी कहा गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और स्थानीय लोगों के हितों के बीच संतुलन बनाए रखना प्राथमिकता रहेगी। बैठक में अध्यक्ष द्वारा सभी प्रस्तावों पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर की व्यवस्थाएं अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-केन्द्रित बन सकें।
बैठक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) सदस्य मुकेश मिश्रा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश मथुरा विकास कुमार, मुंसिफ/सिविल जज मथुरा शिप्रा दुबे, जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन नगर निगम जग प्रवेश सहित गोस्वामी राजभोग शैलेंद्र गोस्वामी श्री वर्धन, दिनेश गोस्वामी विजय कृष्ण गोस्वामी
उपस्थित रहे।