इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया मथुरा ब्रांच में स्पोर्ट्स मेला 2025 का शुभारंभ

मथुरा। इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया मथुरा ब्रांच द्वारा आयोजित स्पोर्ट्स मेला 2025 का शुभारंभ मिलेनियम स्कूल में हुआ। इस अवसर पर मथुरा ब्रांच के चेयरमैन सीए राहुल चौधरी ने कहा कि खेल स्वस्थ जीवन शैली, अनुशासन, टीम वर्क और आपसी सहयोग को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मथुरा ब्रांच शिक्षा के साथ-साथ खेल संस्कृति को भी निरंतर प्रोत्साहन देती रहेगी।
उद्घाटन दिवस पर बैड्मिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें छात्रों एवं सीए मेंबर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सीए मेंबर्स श्रेणी में नितिन अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि मानव अग्रवाल उपविजेता रहे। वहीं सीए स्टूडेंट श्रेणी में काव्य गुप्ता ने पहला स्थान तथा सुनील चाहर ने दूसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को मेडल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सीए प्रवीण अग्रवाल, सीए लोकेश वार्ष्णेय , सीए रोहित कपूर, सीए अभिषेक गर्ग, सीए नेहा यादव, सीए पियूष गोयल तथा सीए अंकित गुप्ता की उपस्थिति उल्लेखनीय रही जिन्होंने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।
स्पोर्ट्स मेला के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएँ क्रमबद्ध तरीके से आयोजित की जाएंगी। आगामी चरण 3 दिसम्बर को मथुरा ब्रांच परिसर में आयोजित होगा जिसमें टेबल टेनिस और चेस (शतरंज) प्रतियोगिताएँ होंगी। इसके पश्चात 5, 6 एवं 7 दिसम्बर को अलंकार स्टेडियम में क्रिकेट प्रीमियम लीग आयोजित की जाएगी जिसमें सीए स्टूडेंट्स की तीन टीमें और सीए मेंबर्स की चार टीमें भाग लेंगी। इस लीग को लेकर प्रतिभागियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।