धौली प्याऊ की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण को पहुंचे नगर आयुक्त, उपस्थिति में फर्जीवाड़ा मिला

मथुरा । नगर आयुक्त जग प्रवेश के आकस्मिक निरीक्षण में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति का फर्जीवाड़ा सामने आया है। वार्ड 41 में उपस्थिति पंजिका में अनियमितताएँ पाई गईं जिसमें ओवरराइटिंग की गई थी। इस पर नोटिस जारी किया गया है। नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा महानगर में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या 41 धौली प्याऊ का औचक स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान वार्ड की सफाई व्यवस्था का गहन अवलोकन किया गया, साथ ही उपस्थित पंजिका की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका में अनियमितताएँ पाई गईं। सफाई पर्यवेक्षक द्वारा उपस्थिति विवरण में गड़बड़ी एवं ओवरराइटिंग की गई थी, जिससे स्पष्ट हो रहा था कि कर्मचारियों की वास्तविक उपस्थिति के साथ छेड़छाड़ की गई है। इसको गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित सफाई पर्यवेक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिए।

इसके अतिरिक्त 06 कर्मचारी मौके पर अनुपस्थित पाए गए जिस पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी को विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश प्रदान किए गए। नगर आयुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी व सफाई निरीक्षक प्रातःकाल क्षेत्र में नियमित रूप से उपस्थित रहें ताकि सफाई व्यवस्था की उचित निगरानी हो सके और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान डॉ गोपाल बाबू गर्ग नगर स्वास्थ्य अधिकारी, सफाई निरीक्षक विपिन कुमार, नेचर ग्रीन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपस्थित रहे ।