हिंदुजा समूह ने यूपी में ईवी ऊर्जा और बैंकिंग क्षेत्रों में दिखाई रुचि , करेगा निवेश

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर हिंदुजा समूह ने रुचि दिखाई है। मुख्य सचिव मनोज कुमार की अध्यक्षता में गत दिन इन्वेस्ट यूपी कार्यालय में एक उच्चस्तरीय निवेश संवाद बैठक आयोजित की गई, जिसमें हिंदुजा समूह के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी), ईवी चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर, संचार, नवीकरणीय ऊर्जा, बीमा और वित्तीय सेवाओं जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक भागीदारी और निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

हिंदुजा समूह के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वरिष्ठ सलाहकार डॉ. एस.के. चड्ढा, गुल्फ ऑयल के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ रवि चावला और एचजीएस लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ वाइंसले फर्नांडिस ने किया। समूह की कंपनियों—इंडसइंड बैंक, इंडसइंड इंश्योरेंस, गुल्फ ऑयल, हिंदुजा रिन्यूएबल्स, एनएक्सटीडिजिटल और अशोक लेलैंड ने राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष अपनी योजनाओं की विस्तृत प्रस्तुतियाँ दीं।

अशोक लेलैंड ने लखनऊ में अपने ईवी बस विनिर्माण संयंत्र का केवल 18 महीनों में परिचालन के लिए निर्माण किया यह सयंत्र आगामी दो महीनों में व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर सकता है। कंपनी ने भविष्य के विस्तार को देखते हुए अतिरिक्त भूमि की मांग भी की। गुल्फ ऑयल, जो विश्व की प्रमुख स्वतंत्र लुब्रिकेंट कंपनियों में से एक है, ने अपनी ईवी के अनुकूल लुब्रिकेंट तकनीक और एसी/डीसी चार्जर सहित एंड-टू-एंड ईवी चार्जिंग समाधान प्रस्तुत किए। कंपनी ने पूरे उत्तर प्रदेश में मजबूत ईवी चार्जिंग नेटवर्क विकसित करने में सहयोग का प्रस्ताव भी रखा।

हिंदुजा रिन्यूएबल्स ने 1,000 मेगावॉट से अधिक परिचालन क्षमता और 2,450 मेगावॉट निर्माणाधीन अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं की जानकारी दी। कंपनी ने राज्य में 3–4 गीगावॉट नवीकरणीय क्षमता विकसित करने की योजना साझा की, जिसमें झांसी में 600 मेगावॉट और मिर्जापुर में 1,000 मेगावॉट की सुखनई पंप्ड स्टोरेज परियोजना प्रमुख है।
इंडसइंड बैंक ने राज्य के 57 जिलों में 186 शाखाओं और 230 एटीएम के साथ अपनी पहुंच का प्रदर्शन किया, जो वित्तीय समावेशन की दिशा में प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

एनएक्सटी डिजिटल ने नोएडा स्थित अत्याधुनिक ब्रॉडकास्ट हब, 700+ टीवी चैनलों, मूल्यवर्धित सेवाओं और देश के चौथे सबसे बड़े निजी आईएसपी के रूप में 350+ शहरों में 1 मिलियन से अधिक उपयोगकर्ताओं तक हाई-स्पीड एफटीटीएच इंटरनेट सेवा पहुंचाने की क्षमता प्रस्तुत की। यह बैठक उत्तर प्रदेश में निजी क्षेत्र की भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हिंदुजा समूह ने राज्य को $1 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में साझीदार बनने की मजबूत इच्छाशक्ति जताई।