नई दिल्ली । पहाड़ों में बर्फबारी होने से वहां से आने वाली हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी है। इससे दिल्ली में ठिठुरने बढ़ गई है। रात के समय ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेने लगे हैं। बृहस्पतिवार को कई इलाकों में शीत लहर का दौर चला। दिल्ली के पूसा इलाके में सुबह सबसे ठंडी रही। यहां का न्यूनतम तापमान सबसे कम 3.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, आया नगर में 3.8, लोधी रोड में 4.4, नरेला में 4.7, पालम में 6 और रिज में 6.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, गौतमबुद्धनगर में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री दर्ज किया गया। उधर, गुरुग्राम में 4.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
आने वाले दिनों में पारा और गिरने का अनुमान है। ऐसे में शुक्रवार और शनिवार को मध्य से लेकर घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। वहीं, शीत लहर की भी दो दिन के लिए चेतावनी जारी की है। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।