मथुरा में निजी कामर्शियल कॉम्प्लेक्स के मालिक ने किया सड़क पर कब्जा, निगम की टीम ने चलाया जेसीबी

मथुरा। महानगर में नगर निगम की टीम ने एक कालोनी की सड़क पर निजी कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के मालिक द्वारा किए गए कब्जे को ध्वस्त कराने की कार्यवाही की है। इस मामले में क्षेत्रीय नागरिकों ने नगर आयुक्त शशांक चौधरी से शिकायत की थी। इसके अलावा एक अन्य स्थान पर कुछ लोगों ने नगर निगम की कीमती भूमि पर निगम का बोर्ड हटाकर दीवार बना ली थी जिसे तुड़वाकर पुन: नगर निगम के स्वामित्व का बोर्ड लगा दिया गया है।

नगर निगम मथुरा वृंदावन क्षेत्र अंतर्गत बीएसए रोड पर वार्ड न 46 प्रोफेसर कॉलोनी के स्थानीय निवासियों के द्वारा केशव वाटिका के निकास के पास निजी कामर्शियल कॉम्प्लेक्स के स्वामी अरविन्द गौतम द्वारा सार्वजनिक मार्ग पर सीढ़ियां बनाकर सार्वजनिक मार्ग को सकरा करने एवम अतिक्रमण के संबंध में शिकायत की गई थी। जिस पर नगर आयुक्त के निर्देशानुसार सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी के नेतृत्व में कार्यवाही करते हुए निगम की टीम द्वारा उक्त मार्ग पर निर्मित अवैध सीढ़ियों को जेसीबी के माध्यम से हटवा दिया गया और रास्ते को कब्जा मुक्त कराया गया।

इसके अलावा एक अन्य मामले में कृष्णा नगर में मयंक गैस सर्विस के सामने नगर निगम की कीमती भूमि पर कुछ व्यक्तियों के द्वारा नगर निगम के बोर्ड को हटाकर दीवार बनाकर कब्जा किया जा रहा था जिसको नगर निगम की टीम के द्वारा जेसीबी के माध्यम से तुड़वाया गया तथा नगर निगम स्वामित्व के बोर्ड पुनः स्थापित करा दिए गए।