वृंदावन में निगम ने चलाया प्रतिदिन चौबीस घंटे का विशेष सफाई अभियान

वृंदावन । पंच दिवसीय दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर घरों की साफ-सफाई में जुटे जनपद वासियों के साथ ही मथुरा-वृन्दावन नगर निगम प्रशासन द्वारा भी महानगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर शहर को कचरा मुक्त करने के उद्देश्य से सप्ताह भर 24 घंटे का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त शशांक चौधरी के निर्देशानुसार चलाये जा रहे इस अभियान के नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने में जुटे हुए है। वायु प्रदूषण एवं धूल इत्यादि से परिक्रमार्थियों को असुविधा ना हो इसलिए वृंदावन के सभी मुख्य मार्गों एवं परिक्रमा मार्ग पर जल का छिड़काव किया जा रहा है।
इसी के तहत आज अपर नगर आयुक्त क्रांति शेखर सिंह ने वृन्दावन के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही संपूर्ण परिक्रमा मार्ग में परिक्रमार्थियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए सफाई अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान श्री सिंह ने कार्यदायी संस्था किंग सिक्योरिटी एजेंसी के प्रतिनिधियों को मौके पर ही निर्देशित किया गया कि संपूर्ण परिक्रमा मार्ग में कार्तिक मास को दृष्टिगत रखते हुए प्रतिदिन चौबीस घंटे का विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। किसी भी जगह पर किसी भी प्रकार का कचरा एकत्रित न हो इसके ठोस प्रबन्ध किये जाये।
इसके अतिरिक्त परिक्रमा मार्ग में चल रहे सीवर के कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण किए जाने हेतु जल निगम के अधिशासी अभियंता सुजीत कुमार को निर्देशित किया कि वह देवउठान एकादशी के पर्व को दृष्टिगत रखते हुए सीवर के कार्य को पूरा कर दें तथा परिक्रमा मार्ग में जहां पर गिट्टी कंक्रीट आदि बिखरा पड़ा है उसे सही कराये। परिक्रमा मार्ग एवं मुख्य मार्गो में कोई अस्थायी-स्थायी अतिक्रमण न हो इस हेतु मंयक यादव संयुक्त नगर आयुक्त को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
पूरे परिक्रमा मार्ग में किसी भी जगह सीवर और यमुना नदी में कोई नाला ओवर फ्लो न हो इसकी विशेष योजना बनाते हुये प्रभावी कार्यवाही हेतु नन्दकिशोर सहायक अभियन्ता, अवर अभियन्ता (जल) एवं जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर संयुक्त नगर आयुक्त मंयक यादव, सुरेश, मुख्य सफाई निरीक्षक, नन्दकिशोर, सहायक अभियन्ता (जल), श्रीगोपाल वशिष्ठ, प्रधान लिपिक, जितेन्द्र कुमार, अवर अभियन्ता (जल), अरुण कुमार अवर अभियन्ता (सिविल), रत्नेश सारस्वत, सुपरवाइजर जल, विजय कुमार, सुपरवाइजर निर्माण, संदीप, सुपरवाइजर सीवर आदि कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।