अलीगढ़ में 2 होमगार्डों की सड़क हादसे में मौत

अलीगढ़। महानगर के रोरावर थाना क्षेत्र में खेरेश्वर मंदिर के नजदीक एक ट्रक ने बाइक सवार होमगार्डों को टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर के कारण होमगार्डों की बाइक अनियंत्रित हो गई और वह फिसलते हुए कुछ दूर जाकर गिरे। इसी दौरान उनके ऊपर से ट्रक का पहिया गुजर गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल दोनों होमगार्डों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। वहीं जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो वह रोते बिलखते हुए अस्पताल पहुंच गए। मौत के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिसावा के गांव गोंदोली निवासी होमगार्ड कालीचरण (53) और टप्पल के गांव पालर निवासी दानवीर शर्मा (50) की तैनाती सासनीगेट थाने में थी। दोनों दोस्त थे और हर दिन साथ में ही ड्यूटी पर जाते थे। शनिवार को भी वह एक साथ ड्यूटी जाने के लिए घर से निकले थे।
दोनों खेरेश्वर चौराहे से लगभग 300 मीटर आगे ही निकले थे कि एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह गिर गए। जिसके बाद वह ट्रक के नीचे आ गए। वहीं घटना करने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। चौराहे पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी और होमगार्डों को अस्पताल भेजा।
ट्रक के नीचे आने पर चालक होमगार्ड बुरी तरह से फंस गया। जबकि दूसरा दूर जाकर गिरा। चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक एसआई आदेश कुमार, कांस्टेबल महेश कुमार और इदरीश ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और तत्काल नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई है।
होमगार्ड कालीचरन के परिवार में पत्नी कांती देवी दो बेटा व एक बेटी हैं। इन सभी की शादी हो चुकी है। वहीं दानवीर शर्मा के परिवार में पत्नी, तीन बेटे एवं तीन बेटी हैं। दोनों परिवारों में जब उनकी मौत की खबर पहुंची तो परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद आरोपी चालक ने मौके से भागने की कोशिश की और वहां से फरार हो गया। लेकिन पुलिस आरोपी का पीछा करती रही और कुछ दूर जाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना कारित करने वाले ट्रक को भी पुलिस थाने ले आई है।
सीओ प्रथम अभय कुमार पांडेय ने बताया कि दोनो होमगार्ड ड्यूटी के लिए जा रहे थे इसी दौरान घटना हो गई। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।