मथुरा: अतिक्रमण के खिलाफ आजमपुर में निगम की बडी कार्यवाही

मथुरा। नगर निगम के वार्ड संख्या 6 आजमपुर के खसरा संख्या 87 से होकर गुजर रहे बृज 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग को पिछले 40 वर्षों से अपने खेतों में मिलाकर जोत रहे अवैध कब्जाधारियों को बीते गुरूवार को नगर निगम मथुरा-वृन्दावन/ राजस्व विभाग की टीम ने खदेडते हुए मार्ग को कब्जा मुक्त किया है। निगम व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से कब्जाधारियों द्वारा मार्ग अवरूद्ध करने के लिए की गई वाउण्ड्रीबाल आदि को उखाड फेंका गया। बतादें कि उक्त मार्ग को कब्जा मुक्त कराने की बावत एन आर आई बालेश्वर सिंह, सतीश, रवि, प्रहृाद, संजय, रूप सिंह, वार्ड के पार्षद और ग्रामीणों द्वारा पिछले 40 वर्षों से लगातार प्रयास किया जा रहा था। जिसके चलते कई मर्तवा राजस्व विभाग की टीम द्वारा मौके पर जाकर नापजौख व मार्ग को चिन्हाकंन की कार्यवाही भी की गयी थी लेकिन हर बार कब्जाधारियों द्वारा मार्ग को अपने खेतों के साथ जोत कर मार्ग को अवरूद्ध कर दिया जाता था। जिसपर बीती 5 अक्टूबर को अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार के नेतृत्व निगम व राजस्व विभाग की टीम द्वारा जेसीबी से मार्ग को समतल कर अवैध कब्जा मुक्त कराने की कार्यवाही की गयी है। कार्यवाही के दौरान शांति व्यवस्था के दृष्टिगत काफी संख्या में क्षेत्रीय पुलिस बल मौजूद रहा। मार्ग के कब्जा मुक्त होने पर ग्रामीणों में हर्ष की लहर दौड़ पडी है।