मथुरा में विकास प्राधिकरण ने हाईवे पर दो अवैध कॉलोनियों को जेसीबी से किया नेस्तनाबूत
मथुरा। विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को उस्फार गांव में विकसित हो रही दो अवैध कालौनी में जेसीबी से ध्वस्तीकरण की कार्यवाही को अंजाम दिया है।
उस्फार गांव में हाईवे पर श्याम वीर सिंह व अन्य द्वारा लगभग 4000 वर्ग मीटर में प्लाटिंग की जा रही थी जिसके विरुद्ध प्राधिकरण ने वाद संख्या 267 /22-23 योजित किया गया था। इसी प्रकार दूसरी कॉलोनी मनोज चौधरी द्वारा काटी जा रही थी जिसके विरुद्ध प्राधिकरण द्वारा वाद संख्या 223 22-23 योजित किया गया था। यह कॉलोनी लगभग 3000 वर्ग मीटर में काटी जा रही थी।
नोटिस जारी होने के बाद भी दोनों कालौनी के मालिकों द्वारा निर्माण की कार्यवाही को नहीं रोका गया जिस पर प्राधिकरण के ओएसडी प्रसून द्विवेदी द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के आदेश पारित किए गए। दोनों कॉलोनी में सड़क बिजली के खंभे नाली एवं भूखंडों पर DPC लेवल तक भरी हुई दीवारों को तोड़ा गया है।
थाना हाईवे की पुलिस फोर्स के साथ दोनों अवैध कॉलोनी को तोड़ने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता मनीष तिवारी व दिनेश गुप्ता उपस्थित रहे। विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार सिंह का कहना है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी व्यक्ति को निर्माण नहीं करने दिया जायेगा।