मथुरा। नेशनल हाईवे 2 पर स्थित कोसी कोटवन क्षेत्र में एक मसाला फैक्ट्री में मसालो में की जा रही गंभीर मिलावट को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बडी कार्यवाही करते हुए करीब 27 लाख के मिलावटी मसालों को सीज कर फैक्टी बंद करा दी है। इसके अलावा विभागीय टीम ने वरुण बेवरेज कोल्ड ड्रिंक प्लांट का निरीक्षण कर प्लांट में स्थित कैंटीन से बेसन, तैयार सब्जी तथा खाद्य तेल एवं सॉफ्ट ड्रिंक बनाने में प्रयुक्त होने वाली शुगर तथा तैयार एनर्जी ड्रिंक के 5 सैंपल संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गये है। खादय एवं पेय पदार्थ के गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग के सहायक आयुक्त डॉ.गौरी शंकर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा की गयी इस छापा मारा कार्यवाही के बाद नेशनल हाईवे स्थित फैक्ट्री संचालकों में हडकंप मच गया है। सहायक आयुक्त डा. गौरी शंकर ने बताया कि फैक्ट्री में खाद्य मसाले की पिसाई एवं पैकिंग नियमों को ताक पर रखकर मसालों की पैकिंग की जा रही थी। मौके पर चाय की पत्ती की पैकिंग करते हुए पाये गये कारीगर व कारोबारी से उक्त फैक्ट्री संचालन हेतु लाइसेंस मांगा गया तो वह लाइसेंस नहीं दिखा सके। निरीक्षण के उपरांत मसालो में गंभीर मिलावट को देखते हुए पिसी हुई, हल्दी साबुत हल्दी, धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर खुला तथा मिर्च पाउडर पैक्ड, खुली चाय तथा पैक्ड चाय के सात सैंपल जांच हेतु संग्रहित किए गए। फैक्ट्री में मसालों एवं चाय की खराब गुणवत्ता को देखते हुए सावुत हल्दी 1200किलो ग्राम, पिसी हल्दी 1250किलो ग्राम, पैक्ड हल्दी 350 किलो ग्राम, लाल मिर्च खुली एवं पैक्ड 2800 किलो ग्राम, धनिया पिसा एवं सावुत 1600 किलो ग्राम, चाय पत्ती 4800 आदि लगभग 27 लाख रुपए कीमत के मसालों को सीज करते हुए फैक्ट्री को बंद करा दिया गया। इसके साथ ही नेशनल हाइवे 2 पर स्थित वरुण बेवरेज कोल्ड ड्रिंक प्लांट का निरीक्षण करते हुए प्लांट में स्थित कैंटीन से बेसन, तैयार सब्जी तथा खाद्य तेल एवं सॉफ्ट ड्रिंक बनाने में प्रयुक्त होने वाली शुगर तथा तैयार एनर्जी ड्रिंक के 5 सैंपल संग्रहित किये गये है। सभी नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। कारवाई के दौरान टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी भरत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, एसएस निरंजन, देवराज सिंह, अरुण कुमार, गजराज सिंह आदि उपस्थित रहे।