मथुरा में नगर निगम के कार्यों में आई तेजी, जन समस्याओं के साथ-साथ सौंदर्यीकरण के कार्य हुए प्रारंभ

नगर आयुक्त ने कई विभागों के अधिकारी के साथ किया निरीक्षण
मथुरा। नगर निकाय चुनाव की समाप्ति के पश्चात से नगर निगम जन समस्याओं का निस्तारण और विकास कार्यों को तेजी से अमलीजामा पहनाने में जुट गया है। बुधवार को नगर आयुक्त अनुनय झा ने कई विभागों के अधिकारियों के साथ शहर के कृष्णा नगर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को लेकर भूतेश्वर तिराहे से गोवर्धन चौराहे तक सघन निरीक्षण किया।
नगर आयुक्त श्री झा द्वारा निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को सड़क से बचे शेष ट्रांसफार्मर एवं छोटे विद्युत पिलर बाॅक्स को शिफ्ट करने के निर्देश दिये । इसके साथ साथ उन्होंने फुटपाथ के सौन्दर्यीकरण हेतु मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता को निर्देशित करते हुए नाला सफाई हेतु नाले के ऊपर ओपन चैम्बर बनाये जाने के निर्देश दिए ।
नगर आयुक्त ने डीजीएम बी.एस.एन.एल. के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि विभागीय केबिल को अण्डर ग्राउण्ड किये जाने की कार्यवाही त्वरित रूप से की जाये। इसके अतिरिक्त जीओ एवं आईटीएमएस की केबिल को मई माह के अन्त तक अण्डर ग्राउण्ड करने हेतु नगर निगम के मुख्य अभियंता को निर्देशित किया । उन्होंने कृष्णा नगर चौकी इंचार्ज को निर्देशित किया कि जब्त किये गये वाहनों को चयनित स्थल पर शिफ्ट कराया जाये। प्रतिष्ठान संचालकों को सामान प्रतिष्ठान के सामने न रखकर प्रतिष्ठान के अन्दर रखने हेतु अनुरोध किया गया।
इस दौरान सचिव मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण राजेश कुमार मुख्य अभियंता नगर निगम डिप्टी कमिश्नर आयकर विभाग अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग आदि अधिकारी उपस्थित रहे।