योगी के खास सिपहसलार आईएएस अवनीश अवस्थी दो दिन बाद हो जायेंगे रिटायर्ड , सेवा विस्तार की चर्चा हुई तेज

लखनऊ। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के ख़ास माने जाने वाले अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी दो दिन बाद 31 अगस्त बुधवार को रिटायर हो रहे हैं। उनके सेवा विस्तार के कयास लगाए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि अभी तक केंद्र सरकार से सेवा विस्तार को लेकर कोई पत्राचार प्रदेश सरकार से नहीं किया गया है। इस वजह से विस्तार की संभावना भी कम बताई जा रही है। अब दो दिन बाद गृह विभाग का मुखिया कौन रहेगा इसको लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
अवनीश कुमार अवस्थी 1987 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इनकी गिनती मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे करीबी अफसरों में होती है। 2017 में जब योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने तो केंद्र से लौटे अवस्थी को एसीएस सूचना के साथ-साथ पर्यटन विभाग और यूपीडा व उपसा की जिम्मेदारी सौंपी गई। 31 जुलाई 2019 को अवस्थी को गृह विभाग की भी जिम्मेदारी सौंप दी गई। मौजूदा समय में अवस्थी के पास गृह विभाग के अलावा यूपीडा व उपसा के सीईओ, ऊर्जा, कारागार एवं सुधार प्रशासन, गोपन, सतर्कता, वीजा पासपोर्ट, धर्मार्थ कार्य के अपर मुख्य सचिव और डीजी जेल का भी चार्ज है। अवनीश अवस्थी मेरठ और गोरखपुर ललितपुर आजमगढ़ बदायूं अयोध्या वाराणसी के जिलाधिकारी रह चुके हैं।
सूत्रों का कहना है कि श्री अवस्थी को एक वर्ष के सेवा विस्तार देने की प्रक्रिया शुरू की गई थी लेकिन शीर्ष स्तर पर सहमति नहीं बन सकी। जिसके बाद अब तीन महीने के सेवा विस्तार के कयास लगाए जा रहे हैं। निर्णय केंद्र से होना है इसलिए यहां कोई भी अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। यदि अवस्थी को सेवा विस्तार नहीं मिला तो गृह विभाग का अगला मुखिया कौन होगा इस को लेकर अटकले तेज हो गई हैं। चर्चा है कि एसीएस स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद बेसिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव दीपक कुमार सूचना विभाग के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद और नगर विकास के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात में से किसी एक को गृह विभाग की कमान सौंपी जा सकती है। हालांकि असली तस्वीर 31 अगस्त या एक सितंबर को ही फाइनल होगी।