बहराइच। चंद रुपयों की खातिर लालची इंसान अपने राष्ट्र की आन बान शान को तार तार करने से बाज नहीं आते ऐसा एक मामला प्रकाश में आने पर प्रशासन द्वारा कड़ी कार्यवाही की गयी है। तिरंगे झंडे के कपड़े से बच्चों का ड्रेस में अस्तर लगाकर राष्ट्रध्वज का अपमान करने वाली कौर फैबरिक्स फर्म के खिलाफ संज्ञीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। डीएम के आदेश पर नगर मजिस्ट्रेट व सीओ की टीम ने फर्म स्थित दुकान व गोदाम पर छापामारी की थी। इसके बाद तिरंगे के अपमान का खुलासा हुआ था। डीएम ने संबंधित फर्म के गोदाम को सील करने के निर्देश दिए हैं। बताया जाता है नगर कोतवाली के मुहल्ला कानूनगोपुरा उत्तरी स्थित पुलिस चौकी के पीछे कौर फैबरिक्स फर्म का कपड़ा गोदाम है। कोतवाली नगर के मुहल्ला मेवातीपुरा में फर्म मालिक की दुकान भी है। इस फर्म द्वारा बड़े पैमाने पर प्राथमिक और जूनियर विद्यालय का ड्रेस बनाया जाता है। पता लगा कि बन रहे बच्चों के ड्रेस में तिरंगा झंडा का अस्तर लग रहा था। पैंट में तिरंगा का अस्तर लगवा रहे दुकान मालिक के कारनामे की जानकारी कुछ लोगों ने फोन पर डीएम को दी। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने मामले को गंभीरता से लेकर नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट ने बेसिक शिक्षाधिकारी अव्यक्तराम त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी नगर विनय द्विवेदी, कोतवाल शैलेश कुमार सिंह व पुलिस बल के साथ छापामारी करने पहुंची। मौके पर ड्रेस में तिरंगा का अस्तर लगाया जाता पाया गया। काफी मात्रा में तिरंगा झंडा लगा अस्तर बरामद हुआ। डीएम के आदेश पर फर्म को तत्काल सील करा दिया गया। उन्होंने बताया कि खण्ड शिक्षा अधिकारी नगर महेंद्र यादव की तहरीर पर फर्म के खिलाफ कोतवाली नगर में मुअसं 264/2022 धारा 2(ड़)(1)(2) राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 पंजीकृत किया गया है।