भूपेंद्र सिंह चौधरी बने यूपी बीजेपी के नए अध्यक्ष

नई दिल्ली । भूपेंद्र चौधरी को उत्तर प्रदेश बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाया गया है । भूपेंद्र सिंह चौधरी योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री हैं । उन्होंने बुधवार को ही दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी । इसके बाद से उनके नाम की चर्चा तेज हो गई थी। भूपेंद्र चौधरी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करीबी माने जाते हैं। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश खासकर पश्चिमी यूपी में जाट मतदाताओं को साधने के लिए उन्हें भगवा पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है । उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाकर किसान आंदोलन के कारण भाजपा से रूठे जाट मतदाताओं को मनाने का प्रयास किया गया है ।

भूपेंद्र चौधरी का जन्म 1968 में मुरादाबाद के महेंदरी सिकंदरपुर में हुआ था। वे भारतीय जनता पार्टी से लगभग 33 सालों से जुड़े हैं। उन्होंने राजनीति अपने छात्र जीवन से ही शुरू कर दी थी।