फ्लोरिडा। भारत ने वेस्टइंडीज को चौथे टी 20 इंटरनेशनल मैच में शनिवार को एकतरफा अंदाज में 59 रनों से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-1 की बढ़त बना ली। भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 191 रन का मजबूत स्कोर बनाने के बाद वेस्टइंडीज को 19.1 ओवर में 132 पर रोक दिया। भारत की तरफ से आवेश खान, अक्षर पटेल और रवि बश्निोई ने दो-दो विकेट लिए जबकि अर्शदीप सिंह 12 रन पर तीन विकेट लेकर सबसे सफल रहे। विंडीज की तरफ से कप्तान निकोलस पूरन और रोवमन पॉवेल ने 24-24 रन बनाए। इससे पहले, वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। भारत ने तेज शुरुआत करते हुए 4.4 ओवर में ही 53 रन ठोक डाले। कप्तान रोहित शर्मा ने मात्र 16 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 33 रन कीआतिशी पारी खेली। सूर्यकुमार यादव ने एक चौके और दो छक्कों की मदद से 24 रन बनाये। दीपक हुड्डा ने 21 और ऋषभ पंत ने 31 गेंदों में छह चौकों के सहारे 44 रन, संजू सैमसन ने 23 गेंदों में नाबाद 30 और अक्षर पटेल ने आठ गेंदों में दो छक्कों के सहारे नाबाद 20 रन बनाये। केवल दिनेश कार्तिक छह रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज की तरफ से ओबेद मकाय और अलजारी जोसफ ने दो-दो विकेट लिए।
रोहित शर्मा ने जब से पूर्ण रूप से भारतीय टीम की कमान संभाली है तब से टीम इंडिया एक भी टी20 सीरीज नहीं हारी है। हिटमैन की अगुवाई में भारत की यह लगातार 8वीं सीरीज जीत है। वहीं बतौर कप्तान शुरुआती 35 मैचों में सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने के मामले में रोहित ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद की भी बराबरी कर ली है। 35 मैचों में सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने का रिकॉर्ड इससे पहले सरफराज अहमद के नाम था। इस पाकिस्तानी कप्तान ने अपने करियर की शुरुआत में पाक को 35 में से 29 मुकाबले जीताए थे, अब रोहित शर्मा ने भी टीम इंडिया को इतने मुकाबले जीताकर सरफराज की बराबरी कर ली है।
पूर्ण रूप से कप्तानी संभालने के बाद रोहित शर्मा के विनिंग प्रतिशत की बात करें तो वह 82.85 का है। रोहित की कप्तानी में भारत ने सिर्फ तीन ही मुकाबले हारे हैं। इनमें से 1-1 मुकाबला टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में हारा, वहीं एक मैच विंडीज के खिलाफ इस सीरीज में गंवाया। हिटमैन की कप्तानी में भारत ने लगातार 5 सीरीज में विपक्षी टीमों का सूपड़ा साफ किया है।