मथुरा। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम ने डकवर्थ लुईस (DLS) नियम के तहत चार रन से रोमांचक जीत दर्ज कर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि, 135 रन के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। एक समय टीम इंडिया की जीत मुश्किल नजर आने लगी थी। भारत ने 26 ओवर में सात विकेट खोकर 113 रन बनाए थे और उसे जीत के लिए 22 रन की दरकार थी। तभी बारिश ने मैच में खलल डाल दिया। काफी इंतजार के बाद भी मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका और डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर भारत को चार रन से विजेता घोषित कर दिया गया। बारिश ने जहां भारत को जीत दिला दी, वहीं जीत की उम्मीद लगाए बैठी न्यूजीलैंड की टीम को निराशा हाथ लगी।
दरअसल, वेलिंग्टन में खेला गया दूसरा वनडे बारिश के कारण निर्धारित समय से एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। सुबह साढ़े सात बजे शुरू होने वाला मुकाबला साढ़े आठ बजे शुरू हुआ। मौसम को देखते हुए अंपायरों ने मैच के ओवर घटाकर 47-47 कर दिए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 41 ओवर में महज 134 रन बनाकर सिमट गई। भारत को जीत के लिए 135 रन का लक्ष्य मिला, लेकिन छोटे लक्ष्य के बावजूद भारतीय बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया।
कप्तान शुभमन गिल खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए, जबकि विराट कोहली सिर्फ सात रन बना सके। रोहित शर्मा ने 23 रन की पारी खेली, लेकिन वह भी अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। अक्षर पटेल सात रन बनाकर आउट हुए। लगातार गिरते विकेटों के बीच श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी हुई। श्रेयस अय्यर ने 46 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद नमन धीर 12 रन और अंशुल कंबोज एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सात विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम दबाव में थी, लेकिन बारिश ने मुकाबले का रुख बदल दिया और भारत को चार रन से जीत मिल गई।