नगर आयुक्त की डांट के बाद गंदगी से भरे यमुना के घाटों की हुई जोरदार सफाई

मथुरा। शहर के यमुना तट पर विश्राम घाट से लोहे के रेलवे पुल तक के घाटों पर गंदगी की सूचना मिलने पर नगर आयुक्त अनुनय झा ने क्षेत्रीय सफाई सुपरवाइजर सहित सभी स्वास्थ्य अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई है। उनकी डांट के पश्चात एक दर्जन सफाई कर्मियों ने समूचे घाटों से कूडा एकत्रित कर उनकी धुलाई कर दी। घाटों पर एक साथ इतनी संख्या में सफाई कर्मी लगा देख स्थानीय नागरिक चर्चा करते रहे आज कोई वीआईपी आ रहा है क्या।
गुरूवार को यमुना के सभी घाटों पर जगह-जगह गंदगी तो पडी ही थी साथ ही दो स्थानों पर बंदर-कुत्ता के शव पडे थे। उधर से गुजरते एक श्रद्धालू ने घाटों पर व्याप्त गंदगी की पिक नगर आयुक्त को भेज दी। नगर आयुक्त ने उस पर कार्यवाही करते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों को तलब किया। नगर आयुक्त श्री झा ने कहा कि किसी भी सूरत में घाटों पर गंदगी नही रहनी चाहिए जो ऐसी स्थिति क्यूं आई। नगर आयुक्त की डांट डपट के बाद नगर निगम के अधिकारियों के होश फाख्ता हो गये। आनन-फानन में अधिकारी एक दर्जन सफाई कर्मचारियों के साथ घाटों की ओर दौड लिए। दबी जबान में एक सफाई कर्मी ने बताया कि प्रातःकाल से हो रही बारिश के कारण घाटों पर झाडू नही लग पाई थी।