श्रीकृष्ण-जन्मस्थान के दर्शन कर अभिभूत हुए योगी

मथुरा । मंगलवार प्रात: श्रीकृष्ण-जन्मस्थान पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकेशवदेव मंदिर में पूजा अर्चन के उपरान्त गर्भ-गृह स्थित योगमाया जी व जन्मस्थान के दर्शन के उपरांत भागवत-भवन पहुंचकर श्रीराधा कृष्ण मंदिर में भगवान को भोग आदि अर्पण करते हुए आरती उतार कर आशीर्वाद प्राप्त किया । इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण-जन्मस्थान पर प्रतीक्षा में खड़े देश के विभिन्न प्रदेशों से आए दर्शनार्थियों से भेंट कर उनका हालचाल पूछा।
इस अवसर पर संस्थान के सचिव कपिल शर्मा व प्रबंध-समिति के वरिष्ठ सदस्य व हिंदूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने उनको स्मृति चिन्ह के रूप में भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर श्री कृष्ण जन्मभूमि के 10 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को विगत 10 सितंबर 2021 को पवित्र क्षेत्र घोषित किए जाने की अधिसूचना में वार्ड संख्या 19, 40 व 48 के वंचित रह गए महत्वपूर्ण तीर्थों को भी सम्मिलित किए जाने का आग्रह करते हुए एक ज्ञापन सौंपा जिस पर विचार कर शीघ्र निर्णय लिए जाने का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया। दर्शनों के मध्य हरिनाम संकीर्तन करते हुए साधु और गर्भ-गृह के बाहर हो रहे शहनाई वादन ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में डुबो दिया था । जन्म स्थान पर उनके साथ उ.प्र. ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र विधायक श्रीकांत शर्मा राजेश चौधरी ठाकुर मेघश्याम सिंह व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग, महापौर डा मुकेश आर्य बन्धु सोहनलाल शर्मा मुकेश खण्डेलवाल एड. आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही ।