सौंख में दिन दहाड़े घर में घुसकर व्यापारी के अपहरण का प्रयास, नगदी लूट कर बदमाश फरार

कमल सिंह यदुवंशी

मगोर्रा । पुलिस चौकी सौख से चंद कदमों की दूरी पर दिन दहाड़े बदमाशों ने एक व्यापारी के घर में घुसकर व्यापारी के अपहरण का प्रयास किया। एक लाख दस हजार रुपये नगदी लूटने का आरोप है। बताते है बदमाश तीन गाड़ियों में सवार होकर व्यापारी के घर पहुंचे थे उन्होंने व्यापारी को घर से घसीटकर कार में डालने का प्रयास किया । इलाके में इस घटना से सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार की दोपहर खल व्यापारी भीम सिंह पुत्र अर्जुन सिंह निवासी आजल हाल निवासी सौंख स्थित अपने निवास पर बच्ची को लेकर बैठे थे इसी दौरान ईको स्विफ्ट और बेगनार कार उनके घर के सामने आकर रुकीं। गाड़ियों में सवार एक दर्जन से अधिक लोग उतरे, आरोप है कि उन्होंने आते ही भीम सिंह के साथ मारपीट करना शुरु कर दिया। जेब में रखे 1.10 लाख रुपये लूट लिए, विरोध करने पर पैर पकड़ कर घसीटते हुए गाड़ी में डालकर अपहरण कर ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने तमंचे की बट से भीम सिंह का सिर फोड़ दिया। वहां लोगों की भीड़ आता देख बदमाश गाड़ियों में सवार होकर राधाकुंड बाईपास के रास्ते छटीकरा की ओर भाग निकले, ग्रामीणों ने पीछा करते हुए जैंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस सक्रिय होती तब तक बदमाश हाइवे के रास्ते भाग निकले। हालांकि परिजनों ने बदमाशों की गाड़ी का नम्बर ले लिया है पुलिस गाड़ी के नम्बर के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है। घायल व्यापारी भीम सिंह को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।