मथुरा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले , भाजपा को मजहब और जाति की राजनीति स्वीकार नहीं

मथुरा । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में मतदान की तारीख जैसे जैसे नजदीक आ रही है वैसे वैसे चुनाव प्रचार तेज होता जा रहा है। शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मथुरा के फरह में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मथुरा के बल्देव विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी पूरन प्रकाश के लिए प्रचार करने पहुंचे। बल्देव विधानसभा क्षेत्र के नगला दीनदयाल धाम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। गलवान घाटी में भारत और चीन के जवानों के बीच हुई झड़प पर तीन दिन पूर्व दिए बयान पर घेरते हुए कहा कि वह भारत के पराक्रम पर सवालिया निशान लगा रहे हैं। जबकि वहां 38 से 50 जवान चीन के मारे गए। उन्होंने कहा कि सीमा पर जाता हूँ और जवानों को देखता हूँ तो लगता है कि कोई भी भारत के मान , सम्मान और स्वाभिमान को चोट नहीं पहुँचा सकता।

रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं होनी चाहिए बल्कि समाज बनाने के लिए होनी चाहिए। भाजपा समाज को बनाने का काम करती है। लोगों को एक करने का काम करती है। विकास के काम को लेकर कोई भेदभाव नहीं करती है। मजहब और जाति की राजनीति भाजपा को स्वीकार नहीं है।

उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो दिशा दीनदयाल उपाध्याय ने दी है, उसी के अनुरूप भाजपा काम कर रही है। कानून का शासन होगा तो विकास योगासन करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की मोदी जी के नेतृत्व की सरकार में अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की मान प्रतिष्ठा बढ़ी है। पहले दुनिया हमारी बातों को गंभीरता से नहीं लेती थी। लेकिन अब दावे के साथ कह सकता हूं कि आज भारत कमजोर भारत नहीं है। जब भारत का कोई बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। दुनिया समझती है कि भारत बोल रहा है, इसका कोई मतलब होता है। दुनिया की कोई ताकत हमारी तरफ आंख उठाने की जुर्रत करेगी तो हम इस पार और उस पार जाकर भी मार सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियों को बात समझ नहीं आ रही है। भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं। जवानों के बुलंद हौसले देखता हूं, तो पूरी तरह आश्वस्त होता हूं कि कोई भी दुनिया की ताकत भारत के मान-सम्मान को चोट नहीं पहुंचा सकती। जहां तक उत्तर प्रदेश का प्रश्न है। मुझे ज्यादा बताने की जरूरत नहीं है। योगी सरकार अच्छा काम कर रही है। गुंडे माफिया जेल में हैं। विकास की शर्त होती है कानून व्यवस्था का चुस्त रहना। उन्होंने कहा कि वह योगी सरकार को बधाई देते है कि उन्होंने कानून व्यवस्था बनाने में कामयाबी हासिल की है।