गुजरात के मोढेरा सूर्य मंदिर की 1000 साल की गौरवगाथा को राष्ट्रीय सम्मान , जारी होगा ₹100 का स्मारक सिक्का
मेहसाणा । गुजरात की ऐतिहासिक धरोहर मोढेरा सूर्य मंदिर की 1000 वर्ष पुरानी गौरवगाथा को स्मरणीय बनाने के लिए ₹100 का स्मारक सिक्का जारी करने का निर्णय लिया गया है। यह स्मारक सिक्का वित्त मंत्रालय की ओर से जारी किया जाएगा। यह जानकारी राज्य सूचना विभाग ने दी। सूचना विभाग ने सोमवार को अपने बयान में बताया कि मेहसाणा जिले के मोढेरा स्थित सूर्य मंदिर गुजरात की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मंदिर की 1000 वर्ष की ऐतिहासिक यात्रा की स्मृति में स्मारक सिक्का जारी होने से मोढेरा की विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। मोढेरा सूर्य मंदिर अपनी विशिष्ट स्थापत्य कला और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है। मंदिर परिसर से जुड़ी सांस्कृतिक विरासत को स्मारक सिक्के के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है।
₹100 का यह स्मारक सिक्का मोढेरा सूर्य मंदिर की 1000 वर्ष की ऐतिहासिक यात्रा की स्मृति को समर्पित होगा। इस निर्णय को गुजरात की सांस्कृतिक विरासत और मेहसाणा जिले के मोढेरा की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर महत्व देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।