मथुरा में तकादा कर लौट रहे सेल्समैन से दो लाख रु लूटे

प्रिंस कुलश्रेष्ठ
मथुरा । कराहरी-टैंटीगाव रोड पर तकादा कर रुपयों से भरा बैग लेकर जा रहे सेल्समैन से सोमवार शाम दिनदहाड़े दो अपाचे बाइक सवार चार बदमाश तमंचे की नोक पर दो लाख रुपये लूट ले गये। लूट की सूचना पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित सेल्समैन से घटना की जानकारी ली हैं। बदमाशों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सुरीर के अंतर्गत

सोमवार को बेसवां, अलीगढ़ में बंसल फर्टिलाइजर के यहां काम करने वाला युवक दिनेश निवासी कूबरा क्षेत्र में तकादा कर रुपये लेने आया था। शाम को तकादा करके लौटते समय वह कराहरी-टैंटीगाव मार्ग पर पिपरिया पुल के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आये दो अपाचे बाइक सवार चार बदमाशों ने उसे तमंचे से डरा धमकाते हुए रोक लिया। बदमाशों ने गाली गलौज कर उससे बाइक की चाबी छीन ली। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचा तान मारपीट कर उससे मोबाइल व रुपयों से भरा बैग छीना और भाग गये। उसने शोर मचाया तो राहगीरों ने मामले की जानकारी करते हुए पुलिस को सूचना दी।

लूट की सूचना पर इलाका पुलिस के अलावा एसपी देहात श्रीश चांद, सीओ मांट एनपी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने बताया कि वह बाजना, नौहझील, सुरीर, टैंटीगांव आदि स्थान से करीब एक दर्जन दुकानदारों से करीब एक लाख 65 हजार रुपये व चेक आदि इकट्ठे कर लौट रहा था। एसपी देहात श्री चंद ने बताया कि लूट की घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया। मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है जल्द ही घटना का राज फाश किया जाएगा।