मथुरा वृंदावन की सड़को पर कल से दौड़ेंगी इलैक्ट्रिक बस

मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ वर्चुअल कार्यक्रम के तहत दिखाएंगे हरी झण्डी
मथुरा, (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। प्रदूषण को कम करने व पैट्रोलियम पदार्थों की निर्भरता को खत्म करने के उद्देश्य को लेकर मंगलवार से मथुुरा में इलैक्ट्रिक बसों का संचालन प्रारंभ हो जायेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ वर्चुअल कार्यक्रम के तहत हरी झण्डी दिखाकर बसों को अलग अलग जिलों में अपने गंतव्य के लिये रवाना करेंगे।
बहुप्रतिक्षित इलैक्ट्रिक बसों का जनपद में चलाये जाने का सपना अब साकार होता दिख रहा है। 4 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सात शहरों में इन बसों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस संबंध में नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि मथुरा को शासन द्वारा 12 इलैक्ट्रिक बसें स्वीकृत की है जिनमे से आठ बसें मथुरा पहुंच चुकी है। शुरूआत में इन बसों का संचालन के लिये दो रूट निर्धारित किये गये है, पहला रूट वृंदावन से अटल्लाचुंगी, बिरला मंदिर जयसिंहपुरा भूतेश्वर, नया बस स्टैण्ड होते हुए राया तक होगा । वहीं दूसरा रूट वृंदावन से मसानी चौराहा नया बस स्टैण्ड औरंगाबाद होते हुए गोकुल तक का होगा। दोनों रूटों पर चार-चार बसें चलेंगी। इन बसों की यात्री क्षमता 42 शीटर है। इलैक्ट्रिक बसों को चार्ज करने हेतु नगर निगम ने वृंदावन स्थित दारूक पार्किंग व गौशाला के मध्य चार्जिंग प्वॉइंट बनाया है । चार्किग प्वॉइंट का उद्घाटन मंगलबार को होगा। उन्होंने आगे बताया कि इन बसों के चलने से शहर के प्रदूषण में कमी के साथ साउंड पोलेयूशन भी नहीं होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के बसों को हरी झण्डी दिखाने का वर्चुअल कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विभिन्न चैनल व यूट्यूब, सोशल मीडिया पर होगा।