मथुरा के नए सीएमओ ने पदभार संभाला, खराब स्वास्थ सेवा सुधारने का किया वायदा

प्रिंस कुलश्रेष्ठ
मथुरा। जनपद में 11 माह से तैनात सीएमओ डॉ. रचना गुप्ता का स्थानांतरण कानपुर होने के बाद सोमवार को नवागत सीएमओ डॉ. अजय कुमार वर्मा ने पदभार ग्रहण कर लिया है उन्होंने अधीनस्थों अधिकारियों से परिचयात्मक भेट कर बैठक ली। ज्ञात रहे शासन ने बीती रात जनपद में तैनात सीएमओ डॉ. रचना गुप्ता का स्थानान्तरण कानपुर कर दिया है। संभल स्वास्थ्य विभाग में एसीएमओ पद पर तैनात डॉ. अजय कुमार वर्मा ने सीएमओ मथुरा के पद पर तैनाती के बाद डॉ. रचना गुप्ता से चार्ज ग्रहण किया। अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएमओ डॉ.वर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक की और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

नवागत सीएमओ डॉ अजय कुमार वर्मा ने बताया कि कृष्ण की नगरी में उन्हें स्वास्थ्य सेवा देने का मौका मिला है वह हर गरीब और पीड़ित लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देंगे। केंद्र और राज्य सरकार की हर स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी । इस मौके पर एसीएमओ डॉ. दिलीप कुमार, कंट्रोल रूम प्रभारी डॉ. भूदेव सिंह, डॉ. गोपाल, डॉ. आलोक, डॉ अनुज यादव, डॉ अनुज चौधरी, जिला मलेरिया अधिकारी आरके सिंह, जिला स्वास्थ्य एवं शिक्षा सूचना अधिकारी डॉ जितेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।