मथुरा वृंदावन में प्रतिदिन चलेगा रोको टोको अभियान, गन्दगी फैलाने पर होंगे ऑन स्पॉट जुर्माने और एफआईआर

⭐ सांयकालीन पाली में व्यवसायिक क्षेत्रों से होगी डोर टू डोर कूडा कलैक्शन
⭐ बल्क बेस्ट जनरेटर्स और औद्योगिक इकाईयों को अपशिष्ट प्रबन्धन हेतु कराना होगा अनुबन्ध, देनी होगी मासिक यूजर फीस

मथुरा। स्वच्छ भारत मिशन के अर्न्तगत स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 के दृष्टिगत कलैक्ट्रेट स्थित सभागार में आहूत बैठक में नगर आयुक्त अनुनय झा ने स्वच्छ सर्वेक्षण के दृष्टिगत गन्दगी फैलाने वालों ऑन स्पॉट जुर्माने एवं पुनः गन्दगी फैलाने वालों पर एफआईआर दर्ज कराने के आदेश किए है।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्रार्न्तगत प्रतिदिन रोको टोको अभियान चलाया जाये। अभियान के दौरान व्यवसायिक एवं पर्यटक स्थलों में अतिक्रमण करने वालों, गन्दगी फैलाने वालों, दुकानों में कूडेदान न रखने वालों, प्रतिबन्धित प्लास्टिक का प्रयोग एवं भंडारण करने वालों के विरूद्ध जुर्माने की कार्यवाही की जाये। वृन्दावन जोन में अपर नगर आयुक्त सत्येन्द्र कुमार तिवारी औरंगाबाद जोन में सहायक नगर आयुक्त डी.के. सिंह भूतेश्वर जोन में सहायक नगर आयुक्त लवकुश गुप्ता एवं मथुरा सिटी जोन सहायक नगर आयुक्त राज कुमार मित्तल अभियान का नेतृत्व करेंगे। इसके अतिरिक्त प्रवर्तन एवं क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षक मौके पर कार्यवाही करेंगे ।
नगर आयुक्त श्री झा ने ओ.डी.एफ. मिशन के अंतर्गत समस्त शौचालयों के संचालन कार्य का अवर अभियंता एवं स्वच्छता निरीक्षक द्वारा निरीक्षण करने की कार्यवाही के दौरान संचालन में कमी पाये जाने पर कार्यदायी संस्था के विरूद्ध कार्यवाही के आदेश दिए है ।
नगर निगम क्षेत्रार्न्तगत समस्त बल्क बेस्ट जनरेटर्स यथा-मैरिज होम, होटल-रैस्टोरेंट, हॉस्पीटल, विधालय-कॉलेज, औद्योगिक इकाई आदि को ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन नियम 2016 के अंतर्गत नगर निगम से अपशिष्ट प्रबन्धन हेतु अनुबन्ध सम्पादित कराते हुए मासिक यूजर फीस जमा करना अनिवार्य होगा । यूजर फीस जमा न करने वाले प्रतिष्ठानों पर कठोर कार्यवाही की जायेगी।
नगर निगम क्षेत्र में प्रतिदिन सांयकालीन पाली में समस्त स्वच्छता निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करते हुए कूडा फैलाने एवं जलाने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही करेंगे। सांयकालीन पाली में समस्त व्यवसायिक क्षेत्रों से डोर टू डोर कूडा कलैक्शन किया जायेगा।
बैठक में अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिविल, सहायक अभियंता सिविल, अवर अभियंता सिविल, मुख्य सफाई एवं खा़द्य निरीक्षक, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक उपस्थित रहे।