सात दिवसीय दीपावली महोत्सव का आयोजन 28 अक्टूबर से 3 नवम्बर तक रामलीला मैदान पर
मथुरा। दीपावली के दियों की रोशनी से इस बार समूचा उ.प्र. जगमगा उठेगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने प्रदेश के सभी नगर निगमों और नगर पालिकाओं को दीपावली महोत्सव का आयोजन कराने के निर्देश दिये है। जिसके क्रम में जनपद में नगर पालिका कोसीकलां और नगर निगम मथुरा-वृन्दावन में उक्त आयोजन की तैयारियां जोर-शोर पर है।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महोत्सव को लेकर जिलाधिकारी नवनीत चहल व नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा बुलाई गयी पत्रकार वार्ता के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री के आदेश पर प्रदेश की 17 नगर निगमों के साथ ही जनपद में भी सात दिवसीय दीपावली महोत्सव का आयोजन 28 अक्टूबर से 3 नवम्बर तक किया जायेगा। जिसमें लेजर शो और कटपुलियों का नाच मेले में पहुंचने वालों के आर्कषण का केन्द्र बनेगा। स्कूली बच्चों और प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेले में लगने वाली चाट-पकौडी सहित पथ विक्रेताओं के अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों के उत्पादों की विक्री की स्टॉलें भी मेले को खास बनाती हुई नजर आयेंगी। अधिकारी द्वय के मुताबिक मेले में स्थानीय उत्पादों को बढावा देने के साथ ही यहां की सांस्कृति व एतिहासिकता से लोगों परिचित कराना इस मेले का प्रमुख उद्देश्य है।
मेले में सात दिवसीय कार्यक्रमों के आयोजन का शिड्यूल निर्धारित किया गया है। नगर निगम की ओर से जनपदवासी परिवार सहित मेले का लुत्फ उठाने के लिए आमंत्रित है। नगर आयुक्त श्री झा के मुताबिक जनपद में पहली बार होने जा इस आयोजन को भव्यता के साथ ही यहां आने वालों की सुविधा का विशेष ख्याल रखते हुए पाकिंग आदि की व्यवस्था की जायेगी। मेले में कोविड प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया जायेगा। पत्रकार वार्ता के दौरान मेयर मुकेश आर्य बन्धु भी मौजूद रहे। इससे पूर्व जिलाधिकारी और नगर आयुक्त द्वारा मेले की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की गयी थी।