भाजपा नेता पूर्व पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण पाठक का स्वर्गवास

वृंदावन। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य लक्ष्मी नारायण पाठक का रविवार को पूर्वान्ह करीब 11 बजे लंबी बीमारी के दौरान स्वर्गवास हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में भाजपाईयों का जमावड़ा लग गया। बीमारी के दौरान उनका इलाज रामकृष्ण मिशन, गंगा राम दिल्ली आदि अस्पतालों में हुआ। उनके हार्ट प्रॉब्लम बताई जाती है।

नगर पालिका परिषद के पूर्व पालिका अध्यक्ष रहे श्री पाठक तीन बार भाजपा के जिला अध्यक्ष रहे तथा एक बार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भी रहे। उन्होंने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के रूप में अपना 5 साल का सफल कार्यकाल पूरा किया था। उनके कार्यकाल में नगर में काफी विकास कार्य हुए थे जिनको लोग आज भी याद करते है। लक्ष्मी नारायण पाठक के सरल स्वभाव से सभी लोग प्रसन्न रहते थे।