केडी मेडिकल कॉलेज के सामने बड़ी दुर्घटना : खड़े ट्रक में घुसी कार , 4 की मौत

मथुरा। थाना छाता क्षेत्र स्थित केडी मेडिकल कॉलेज के सामने आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह भीषण हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ट्रक में घुस गई। हादसा इतना जबर्दस्त हुआ कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में दंपती सहित चार की मौत हो गई है जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने चार को मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना छाता क्षेत्र में केडी मेडिकल कॉलेज के सामने आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह गांव तिनेश, कुरशतगंज, बलरामपुर निवासी धर्मेंद्र (35) अपने परिवार के साथ गुरुग्राम से कार से रायबरेली लौट रहे थे। कार उनका साला अनीश चला रहा था। केडी मेडिकल कॉलेज के सामने कार अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में कार की छत उखड़ गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर मौके पर चौकी प्रभारी केडी मेडिकल सुंदर सिंह कसाना, उप निरीक्षक अश्विनी कुमार ने तत्काल पुलिस बल के साथ पहुंचे। सभी घायलों को केडी अस्पताल में भर्ती कराया।

छाता कोतवाल अजय कौशल ने बताया कि घायलों में से चिकित्सकों ने धर्मेंद्र (35), उसकी पत्नी लक्ष्मी (31), मोहिनी (19), कुसुमलता (26) को मृत घोषित कर दिया, जबकि पूजा (22) गंभीर है। अन्य घायलों में धर्मेंद्र का बेटा अनिरुद्ध (6), साला अनीश, मोहित का उपचार चला रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज परिजनों को सूचना दे दी है। परिवार में एक साथ चार की मौत की सूचना मिलने पर कोहराम मच गया है।