मथुरा में अगले 48 घंटो में भारी बारिश की संभावना देखते हुए नगर निगम की आपातकालीन टीम हुई एक्टिव

अप्रिय हालत से निपटने के लिए नगर आयुक्त ने तैनात की क्विक एक्शन टीमें

मथुरा। अगले 48 घंटे में भारी बारिश की संभावना के दृष्टिगत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जारी आदेशों के अंतर्गत नगर आयुक्त अनुनय झा ने नगर निगम के सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारियों को जल निकासी से निपटने के लिए मुस्तैद कर दिया है।
नगर आयुक्त श्री झा ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों को नगर निगम कंट्रोल रूम के साथ-साथ जलकल विभाग तथा ड्रेनेज एवं सीवरेज इकाई जल निगम के सभी पंपिंग स्टेशनों का सघनता से निरीक्षण कर वहां समुचित व्यवस्था कराने के कड़े दिशा निर्देश जारी किये है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्विक एक्शन टीमें बनाई गई है। इसके साथ-साथ नगर निगम कंट्रोल रूम 0565—2503632 को निरंतर क्रियाशील रखा गया है जिसमें 24 घंटे अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई है । आपात स्थिति हेतु जेसीबी मशीन, अतिक्रमण दस्ता, टेंपो टिप्पर ट्रैक्टर और मैनुअल लेबर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम कंट्रोल रूम में मौजूद रहेंगी।

नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि भारी बारिश की संभावना को देखते हुए नगर निगम मथुरा—वृन्दावन अपने सीमित संसाधनों के बल पर व्यवस्थाओं को युद्ध स्तर पर कराने के साथ-साथ जल निकासी को हर संभव प्रयास करके प्रभावी बनाने में जुटा हुआ है ।