वृंदावन में श्रद्धालुओं ने ओढ़ाई यमुना महारानी को चुनरी

वृंदावन: प्रसिद्ध भागवत प्रवक्ता इंद्र देवानंद महाराज व उनके अनुयायियों के द्वारा राधा अष्टमी के पावन पर्व पर यमुना महारानी का पूजन कर व चुनरी ओढ़ाकर पुण्य कमाया गया। यमुना पूजन कर संकल्प लेने के साथ ही यमुना महारानी को भक्तों ने चुनरी ओढ़ाई तो नजारा खास बन गया। नावों में बैठ भक्तों ने एक के बाद एक साड़ी ओढ़ाकर यमुना महारानी का चुनरी मनोरथ किया।

प्रसिद्ध भागवत प्रवक्ता इंद्र देवानन्द महाराज के सानिध्य में राधा अष्टमी के पावन मौके पर केसीघाट पर चुनरी मनोरथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अलग-अलग राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने यमुना महारानी का पूजन व दुग्ध अभिषेक किया। इसके साथ ही ढोल, नगाड़ों की धुन पर चुनरी मनोरथ उत्सव शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने दर्जनों नाव में बैठकर श्रीयमुना महारानी को चुनरी अर्पित की।

भागवत प्रवक्ता इंद्र देवानन्द महाराज ने बताया कि राधा अष्टमी के पावन पर्व के मौके पर किया गया पुण्य कर्म भक्तों को कई गुना बढ़कर प्राप्त होता है। इसीलिए इस दिन चुनरी मनोरथ करने से भक्त पुण्य फल के भागी होंगे।