डीजल टैंकर में वेल्डिंग के दौरान भीषण विस्फोट से दो मजदूरों की मौत
गांव बाद की वर्कशॉप में हुआ हादसा , एक टैंकर चालक घायल अस्पताल में उपचार जारी, गैस बनने से हुआ धमाका
मथुरा । थाना रिफाइनरी क्षेत्र के गांव बाद स्थित एक वर्कशॉप में रविवार को डीजल टैंकर की मरम्मत के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि वर्कशॉप में काम कर रहे दो मजदूरों की उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 11:30 बजे थाना रिफाइनरी को सूचना मिली कि बाद पुल के निकट जगदम्बा इंजीनियरिंग कंपनी की वर्कशॉप में एक टैंकर में विस्फोट हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि वहां टैंकर की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान टैंकर के भीतर गैस बनने के कारण अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आकर मरम्मत कर रहे कंपनी के दो मजदूर और एक टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान पहले एक मजदूर ने दम तोड़ दिया और कुछ समय बाद दूसरे मजदूर की भी मौत हो गई।
मृतकों में गांव बाद निवासी प्रेमपाल की पहचान हुई है। तीसरा घायल टैंकर चालक अस्पताल में उपचाराधीन है और उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है। घटना की सूचना पर रिफाइनरी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी देवेश सिंह ने बताया कि टैंकर की मरम्मत के दौरान गैस बनने से विस्फोट हुआ। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद गांव बाद में शोक का माहौल है।